महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर किन्नर समेत दो लोगों ने फंदा लगाकर जान दे दी। किन्नर शहर में किराये के कमरे में रह रहा था। सूचना पर पुलिस और फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शहर के कल्याण सागर निवासी राहुल उर्फ काजल (19) तीन साल पहले घर छोड़कर किन्नर समाज में शामिल हो गया था। 20 दिन पहले उसने मोहल्ला भटीपुरा में किराये का कमरा लिया था। रविवार की सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर लोगों को आशंका हुई। तक मकान मालिक ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला। कमरे में राहुल का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर जांच की।
मृतक की मां ममता का कहना है कि राहुल अपनी मर्जी से अलग रहता था। परिवार ने कभी उस पर कोई दबाव नहीं बनाया। भाई सूरज ने हत्या की साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य घटना में कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां निवासी कैलाश अहिरवार (65) शुक्रवार की रात घर पर था। इसी दाैरान किसी बात से नाराज होकर रस्सी से फंदा लगा लिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।