श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के अतरारमाफ गांव में बिजली खंभे पर लगी डॉ. आंबेडकर की पोस्टर वाली लाइट पर पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस तलाश कर रही है।
अतरारमाफ निवासी बहादुर अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि तीन मार्च की रात करीब नौ बजे वह परिवार समेत घर पर था। तभी गांव के नीरज सिंह व गोविंद सिंह अपने दो अन्य साथियों के साथ आए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने लगे। बिजली खंभे पर लगी बाबा साहब की पोस्टर वाली लाइट में पत्थर मारे। मना करने पर दबंगों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए पिता संतराम, परिवार की गौरीबाई व सतकुमार पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और फावड़े से हमलाकर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष श्रीनगर जयचंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कैमाहा तिराहे से मारपीट व एससीएसटी एक्ट के आरोपी नीरज सिंह और गोविंद सिंह को गिरफ्तार किया। जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।