महोबा। बीएसएनएल के कबाड़ का टेंडर दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के लवकुशनगर स्थित साई कॉलोनी निवासी महेंद्र साहू ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 11 अक्तूबर की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे मोबाइल नंबर से संपर्क किया। उसने बीएसएनएल के कबाड़ का टेंडर दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में दो लाख रुपये मांगे। उसकी बातों में आकर महेंद्र ने उसे दो लाख रुपये नकद दे दिए। पीड़ित ने बताया कि यह घटना महोबा नगर पालिका परिषद के सामने स्थित एक भवन में हुई।
मामले में दो अज्ञात लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। रुपये लेने के बाद दोनों वहां से चले गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की।कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है।