पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मंगलवार को अन्ना जानवरों से फसल की रखवाली कर रहे एक किसान की ठंड लगने से मौत हो गई। वहीं, भटीपुरा में एक महिला की ठंड की चपेट में आने से मौत हो गई।
पिछले दो दिनों से चल रही बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ गई है। इस दफा पालिका प्रशासन द्वारा चंद स्थानों पर ही अलाव जलाने से लोगों में खासा गुस्सा है।
कुलपहाड़ क्षेत्र के गांव सुगिरा निवासी किसान सत्तीदीन (40) पुत्र रामदास अन्ना जानवरों से फसल को बचाने के लिए रात में खेतों की रखवाली कर रहा था। मंगलवार की रात को ठंड के चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। परिजन उसे उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ ले गए। जहां पर डाक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, बुधवार को कड़ाके की ठंड की चपेट आने से भटीपुरा निवासी राधारानी (70) पत्नी सुखलाल की मौत हो गई।