मरीजों से पटा जिला अस्पताल का वार्ड
- फोटो : अमर उजाला
मौसम के बदले मिजाज से उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित मरीजों की मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को तेज बुखार से पीड़ित महिला सहित दो लोगों की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित मरीजों से जिला अस्पताल के वार्ड पटे है। 48 घंटे के अंदर चार लोग बुखार से मौत का शिकार बन चुके हैं। कस्बा कबरई
निवासी सरस्वती (22) पत्नी राजू चार दिन से तेज बुखार से पीड़ित थी। परिजनों द्वारा उसका उपचार सीएचसी व प्राइवेट क्लीनिकों में कराया गया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। रविवार को परिजन सरस्वती को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार थाना खन्ना के ग्राम सिरसी निवासी कमलाप्रसाद (26) की
बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। मौसम में बदलाव होने से लोग उल्टी दस्त बुखार व जुकाम खांसी से ग्रसित हो रहे हैं। गंभीर हालत में रोजाना आधा दर्जन से अधिक मरीजों को वार्डो में भर्ती किया जा रहा है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. उदयवीर सिंह का कहना है कि ऐसे मौसम में खानपान में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।