जिले में संक्रामक बीमारियों का कहर जारी है। आए दिन उल्टी, दस्त और बुखार के मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। गुरुवार को एक शिशु सहित दो की बुखार से मौत हो गई।
बदले मौसम के मिजाज के चलते दिन में तेज धूप और देर रात को मौसम ठंडा होने से बीमारियों ने पांव पसार लिए हैं। उल्टी, दस्त, बुखार के सबसे ज्यादा मरीज आ रहे हैं। जिसके चलते अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ जमा हो रही है। डाक्टरों को पल भर की फुर्सत नहीं मिल रही है। अस्पताल के बेड मरीजों से पटे पड़े हैं।
शहर के मोहल्ला बजरिया निवासी दिलीप कुमार (50) पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। इसी तरह कस्बा कबरई निवासी सुनीता पत्नी नंदकिशोर ने तीन दिन पहले नवजात शिशु को जन्म दिया था। गुरुवार को शिशु की हालत बिगड़ गई। परिजन सीएचसी कबरई ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में शिशु की मौत हो गई।