महोबा/श्रीनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर किसान समेत दो लोगों ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
थाना श्रीनगर के बिलखी गांव निवासी धनीराम अहिरवार का बेटा देशराज (24) मंगलवार की रात घर पर था। देर रात उसने पंखे के हुक से अंगौछा का फंदा बनाकर जान दे दी। इससे उसकी मौत हो गई।
सुबह जब परिजन जागे तो युवक का फंदे पर शव लटका देखा। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे की दो माह पहले शादी हुई थी। वह साढ़े तीन बीघा भूमि में खेती करता था। इस बार मूंगफली की फसल बोई थी।
बारिश न होने से फसल अंकुरित नहीं हुई। इससे वह परेशान रहता था। हो सकता है कि इसी चिंता में उसने आत्महत्या की हो। थानाध्यक्ष शिवपाल सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
दूसरी घटना में चितहरी गांव निवासी कुंजन राजपूत (65) मंगलवार को दिसरापुर निवासी अपने भांजे जगत के यहां जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन वह रिश्तेदारी में नहीं पहुंचा।
बुधवार की दोपहर उसका शव तालाब के किनारे पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। मृतक के बेटे वीरपाल ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। कोतवाल नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामला आत्महत्या का है। जांच कराई जा रही है।