महोबा। चरखारी मार्ग में रेलवे क्रॉसिंग बजरिया के पास अंडर पास में पानी भर जाने से दो घंटे आवागमन ठप रहा। जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बाद में पंपिंग सेट मशीन चलाकर पानी निकाला गया। तब यातायात बहाल हुआ।
जिले में दो दिनों से हो रही बारिश के चलते रेलवे क्रॉसिंग बजरिया के अंडरपास में दो से तीन फुट पानी भर जाने से वाहन चालक पुल के दोनों तरफ खड़े रहे। दो घंटे बाद पानी निकलने पर यातायात व्यवस्था शुरू हुई। शाम को छह बजे से लेकर आठ बजे तक लोग पानी बंद होने की उम्मीद में खड़े रहे, लेकिन पानी बंद न होने के कारण अंडरपास से पानी निकालने में दो घंटे लग गए। रेलवे द्वारा जिले में बनाए गए अंडरपास वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। थोड़ी सी बारिश होने पर अंडरपास में तेजी से ही पानी भर जाता है। जिले में दो दिन से हो रही बेमौसम बारिश में भी अंडरपास में पानी भरने से लोगों को एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद पानी निकलने पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।