-हादसे में एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर
-हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर आईं गंभीर चोटें, दो की गई जान
फोटो 30 एमएएचपी 27 परिचय-मोहित सिंह (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
फोटो 30 एमएएचपी 28 परिचय-सुमित (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। शहर के कीरत सागर तट पर चल रहे कजली मेला देखकर लौट रहे बाइक सवार तीन दोस्त शनिवार की रात झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर संकेतक लिखे लोहे के एंगल से टकरा गए। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और दो की जान चली गई।
जनपद हमीरपुर के थाना मुस्करा के पहाड़ी भिटारी निवासी मोहित सिंह (24) कजली मेला देखने के लिए गांव के ही अपने दोस्त सुमित (20) व लोकेश (19) के साथ बाइक से महोबा शहर आया था। देर रात तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। तभी हाईवे पर सूपा तिराहा के पास यातायात संकेतक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। इससे तीनों उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक के सिर में एंगल लगने से वह अचेत हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सूपा चौकी पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मोहित को मृत घोषित कर दिया जबकि सुमित व लोकेश की हालत नाजुक होने पर मेडिकल काॅलेज झांसी रेफर किया गया। रविवार की शाम सुमित की भी उपचार दौरान मौत हो गई। घटना से गांव में मातम का माहौल रहा। उधर, कोतवाली प्रभारी चरखारी राहुल मिश्रा का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है।