खरेला (महोबा)। मां के लिए तालाब के पानी लेने गए दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कस्बा खरेला के मोहल्ला हले निवासी रामआसरे प्रजापति पड़ोसी हरीकांत का खेत बटाई पर लिए है।
रविवार को रामआसरे की पत्नी श्यामबाई परिवार की माया के साथ बकरी चराने खेत गई थी। उनके साथ चित्रांश (10) पुत्र रामआसरे व उसका चचेरा भाई धीरज (15) भी मां माया के पास खेत पहुंच गए। शाम करीब चार बजे श्यामबाई व माया खाना खाने लगी और दोनों से पीने का पानी लाने को कहा।
दोनों चचेरे भाई बोतल लेकर समीप के सीताराम लघेरिया के खेत पर बने खेत तालाब में पानी भरने चले गए। पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में डूब गए। काफी देर तक बच्चों के वापस न लौटने पर दोनों महिलाएं मौके पर पहुंची लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा।
कस्बे के राजू पाल, लखन, चरण सिंह आदि ने तालाब में उतरकर खोजबीन की। एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों चचेरे भाइयों को बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी चरखारी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक धीरज कक्षा नौवीं का छात्र था जबकि चित्रांश कक्षा चार में पढ़ता था।