महोबा। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 44 युवाओं से एक-एक लाख रुपये की ठगी किए जाने के मामले में हुई किरकिरी के बाद सीएमओ ने शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। जिसमें धोखाधड़ी करने वाले दोषियों व विभाग की छवि खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब हो कि स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने को लेकर 15 जुलाई को सोशल मीडिया में आवेदकों व नौकरी देने वालों की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। पीड़ित महोबा निवासी राजेश, प्रेमनारायण, ईश्वरीदीन, कपिल, दीपक सेन, सतीश, उमाशंकर, शैलेंद्र वर्मा, प्रेमकुमारी ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई थी।
पीड़ितों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया था। शनिवार को समाधान दिवस पर दो युवकों को शिकायत दर्ज कराते हुए एक माह कोविड सेंटर में काम कराने व बाद में भगा दिए जाने का आरोप लगाया था।
कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि सीएमओ की तहरीर मिली है। दो युवक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ठगी होने का आरोप लगाते हुए एक दिन पहले तहरीर लेकर आए थे। मामले की जांच कराई जा रही है।