महोबा। ब्लॉक पनवाड़ी क्षेत्र में जिला योजना के तहत 53.82 लाख रुपये की लागत से दो नए चेकडैम का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर लघु सिंचाई विभाग की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। चेकडैम बनने से आसपास के क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार होगा। साथ ही ग्रामीणों को खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा अक्तूबर माह से निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा।
पनवाड़ी ब्लॉक क्षेत्र इस समय डार्क जोन की समस्या से जूझ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में भूगर्भ स्तर मानक से बेहद नीचे है। साल दर साल यहां भूगर्भ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। ऐसे में जिला योजना के तहत यहां दो नए चेकडैम का निर्माण कराए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत ब्लॉक पनवाड़ी के चुरारी प्रथम में 28.34 लाख की लागत से और लिलवां में 25.48 लाख की लागत से चेकडैम का निर्माण कराया जाएगा। चेकडैम बनने के बाद यहां बारिश के पानी का संचयन होगा। इसका पेयजल व सिंचाई के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। साथ ही आसपास के क्षेत्र से आने वाले मवेशी भी अपनी प्यास बुझा सकेंगे। चेकडैम बनाने की जिम्मेदारी लघु सिंचाई विभाग को सौंपी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू होगा। काम पूरा करने की समय-सीमा तीन माह निर्धारित की गई है। उधर, लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार का कहना है कि जिला योजना के तहत यह निर्माण कराया जाएगा। इससे पनवाड़ी क्षेत्र के जलस्तर में सुधार होगा।