महोबा। रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेलवे स्टेशन महोबा से गुजरने वाली ग्वालियर-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस और ग्वालियर-बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस में दो-दो अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
इसको लेकर रेलवे के उच्चाधिकारियों ने हरी झंडी दी है। इससे अब यात्रियों को इन ट्रेनों में सफर करने में आसानी होगी। सप्ताह में दो दिन चलने वाली ग्वालियर-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस 20 कोच के स्थान पर अब 22 कोच के साथ संचालित होगी।
इस ट्रेन में ग्वालियर से 20 जुलाई से जबकि हावड़ा से 21 जुलाई से एक साधारण श्रेणी व एक शयनयान श्रेणी का कोच और लगेगा। वहीं ग्वालियर व बनारस के बीच चलने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस भी अब 20 के स्थान पर 22 कोचों के साथ संचालित होगी।
इस ट्रेन में ग्वालियर से 20 जुलाई से और बनारस से 21 जुलाई से एक शयनयान श्रेणी व एक तृतीय श्रेणी वातानुकूलित शयनयान इकोनॉमी का कोच लगेगा।
उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि ट्रेन में दो-दो और कोच लगने से अब यात्रियों को सफर करने में आसानी होगी। यात्री सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।