फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: ट्रक ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा

Sat, 27 Jul 2024 11:59 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रीनगर (महोबा)। कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की सुबह पांच बजे ट्रक चालक को झपकी आने से बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ई-रिक्शा को टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटता ले गया।
विज्ञापन

हादसे में चाची व भतीजे की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
थाना श्रीनगर के बरा निवासी रामआसरे (42) अपनी पत्नी कमलेश (39), बेटी रोशनी (17), बेटे हेमंत (15) और पुनीत (13) के साथ भतीजे सुरेंद्र (25) के ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन महोबा जा रहा था। इन सभी को जनपद मथुरा ट्रेन से मजदूरी करने के लिए जाना था।
ई-रिक्शा कानपुर-सागर हाईवे बरा गांव के आगे पहुंचा तभी महोबा की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने ई-रिक्शा में विपरीत दिशा में जाकर टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया। ट्रक चालक ई-रिक्शा को करीब 500 मीटर तक घसीट कर ले गया।
विज्ञापन

दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा में फंसे घायलों को बाहर निकाला लेकिन तब तक ई-रिक्शा चालक सुरेंद्र अहिरवार की मौत हो गई। शेष घायलों को 108 नंबर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी चाची कमलेश देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गंभीर हालत में रामआसरे, हेमंत व रोशनी को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जबकि पुनीत का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एक घंटे जाम रहा हाईवे
महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर बरा गांव के पास ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की घटना के बाद भीषण जाम लग गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही। हालांकि, उसमें कोई मरीज नहीं था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा और ट्रक को हाईवे से अलग कराया। तब एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।

हादसा देख लोगों के खड़े हो गए रोंगटे
श्रीनगर। ई-रिक्शा को टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटे जाने से उसमें सवार एक ही परिवार के छह लोगों की चीख ने हाईवे से गुजर रहे लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। पीछे आ रहे चार पहिया सवार लोगों ने ट्रक चालक को वाहन रोकने के लिए आवाज भी लगाई लेकिन वह ट्रक रोकने की बजाय आगे बढ़ाता चला गया। इससे ई-रिक्शा व उसमें सवार लोग सड़क पर घिसटते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि टक्कर के बाद चालक ट्रक रोक देता तो बड़ा हादसा न होता।

छत्तीसगढ़ के टीआई का बताया जा रहा ट्रक
श्रीनगर। शनिवार की सुबह हुई दुर्घटना में पुलिस द्वारा जब्त किया गया ट्रक छत्तीसगढ़ राज्य के दुर्ग में तैनात टीआई का बताया जा रहा है। जांच में पता चला कि ट्रक टीआई की पत्नी के नाम दर्ज है। उनके छह से अधिक ट्रक कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलते हैं। थानाध्यक्ष श्रीनगर शिवपाल सिंह का कहना है कि दुर्घटना की प्रत्येक बिंदु से जांच की जा रही है। चालक व परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें