थाना क्षेत्र के ग्राम बरा में कर्ज से परेशान एक किसान की सदमे से मौत हो गई। किसान पर इलाहाबाद बैंक श्रीनगर और भूमि विकास बैंक महोबा का एक लाख रुपये से अधिक का कर्ज था। साथ ही जमीन भी साहूकारों के यहां गिरवीं रखी थी।ग्राम बरा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (42) पुत्र बालकिशन के
पास पांच बीघा जमीन थी। इसी जमीन में खेती करके किसान अपना परिवार पाल रहा था। संतोष कुमार ने वर्ष 2012 में 50 हजार रुपये का इलाहाबाद बैंक श्रीनगर से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था और 2010 में भूमि विकास बैंक महोबा से 40 हजार रुपये की पंपिंग सेट मशीन खरीदी थी लेकिन पिछले सालों
से अतिवृष्टि और सूखा के चलते फसल की पैदावार न होने से किसान कर्ज की अदायगी नहीं कर पा रहा था। चार माह पहले किसान ने झांसी से बीएससी कर रहे बेटे उमाशंकर और महोबा के कालेज से इंटरमीडिएट कर रही बेटी संगीता की पढ़ाई के लिए पैसे का इंतजाम न होने पर अपनी पांच बीघा जमीन
एक लाख रुपये में साहूकारों के पास गिरवीं रख दी थी। बैंक का कर्ज और जमीन गिरवीं रख जाने के बाद से किसान खासा परेशान था। संतोष की पत्नी यशोदरा ने बताया कि परेशानी के कारण वह रातों को सो नहीं पाते थे। रविवार को सदमे के चलते अटैक पड़ने से संतोष की मौत हो गई। प्रभारी तहसीलदार
कर्मवीर सिंह का कहना है कि किसान की मौत की जानकारी मिलने पर लेखपाल को जांच पड़ताल के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मदद की जाएगी।