फोटो 18 एमएएचपी 10 परिचय-रोडवेज परिसर में बस से चढ़ते उतरते यात्री। संवाद
- फोटो : poni news
महोबा। धनतेरस व दिवारी को लेकर रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड में यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। शनिवार को दिल्ली आने-जाने वाली संपर्कक्रांति, महाकौशल एक्सप्रेस व दिवाली स्पेशन ट्रेन में भीड़ रही। बोगियों में यात्रियों को पैर रखने की भी जगह नहीं मिली। इससे यात्री ट्रेन में चढ़ने उतरने के दौरान परेशान दिखे। महोबा डिपो ने पर्वों को देखते हुए चित्रकूट और दिल्ली के लिए दस-दस अतिरिक्त बसें चलाईं। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली।
दिवाली पर्व पर हर कोई अपने घर लौट रहा है। यही वजह है कि लंबी दूरी की ट्रेनों मेंं सर्वाधिक भीड़ नजर आ रही है। बुंदेलखंड के विभिन्न जिलोंं से अधिकांश लोग परिवार समेत दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। त्योहार में यह सभी लोग वापस लौट रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे मंडल झांसी ने दिल्ली के लिए दिवाली स्पेशल ट्रेन चलाई है लेकिन यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। शनिवार को महोबा स्टेशन में रुकी लंबी दूरी की सभी ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी रहीं।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को लेकर महोबा डिपो की ओर से दिल्ली और चित्रकूट के लिए दस-दस अतिरिक्त बसें चलाई गईं। साथ ही बांदा जाने वाली बसों को धर्मनगरी चित्रकूट तक विस्तारित किया गया। दिल्ली आने-जाने वाली बसों में यात्रियों की भीड़ रही। हालांकि, अतिरिक्त बसें चलाए जाने से लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिली। महोबा डिपो के प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पर्व को देखते हुए दिल्ली व चित्रकूट के लिए तीन दिन तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।
फोटो 18 एमएएचपी 10 परिचय-रोडवेज परिसर में बस से चढ़ते उतरते यात्री। संवाद- फोटो : poni news