महोबा। पांच दिन तक चलने वाले रोशनी के पर्व दिवाली की शनिवार से शुरूआत हो गई। धनतेरस पर बाजार खरीदारों से गुलजार रहे। किसी ने बाइक, कार तो किसी ने सोने-चांदी के आभूषण व बर्तन खरीदकर शगुन मनाया। धनतेरस पर जिले में करीब 30 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। जो पिछले साल से दोगुना रहा। इससे व्यापारियों और कारोबारियों में खुशी दिखी।
धनतेरस को लेकर प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और आगे तक स्टॉल लगाए गए। सबसे ज्यादा भीड़ बर्तन बाजार में नजर आई। ग्रामीण क्षेत्रों से आईं महिलाओं ने स्टील और पीतल के बर्तनों की खरीदारी की। सराफा व्यापारी जगतनारायण, जागेश्वर सोनी, ओपेंद्र सोनी, सरोज सोनी आदि ने बताया कि सबसे ज्यादा बिक्री चांदी के नए व पुराने सिक्कों की हुई। कुछ लोगों ने चांदी के बर्तन और लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां खरीदीं। एक ग्राम के सोने के सिक्के भी लोगों ने खूब पसंद किए। बाइक और चार पहिया वाहनों के 20 शोरूम भी ग्राहकों से गुलजार रहे। करीब 30 चार पहिया व 600 से अधिक बाइकें व स्कूटी की बिक्री हुई। राघव होंडा के प्रोपराइटर विशाल बोहरा ने बताया कि एक सप्ताह पहले से धनतेरस को लेकर बाइकों की बुकिंग की गई थी। 60 से अधिक बाइकें व स्कूटी बिकी।
सबसे ज्यादा भीड़ इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में नजर आई। जीएसटी 28 से घटकर 18 फीसदी हो जाने से लोगों को सस्ते दर पर सामग्री मिली। एलईडी टीवी, एसी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज आदि सर्वाधिक बिके। रिद्धि सिद्धि इलेक्ट्रॉनिक के प्रोपराइटर आवेश गुप्ता ने बताया कि लोगों ने एसी और एलईडी टीवी की खरीद की। दोनों सामानोंं में लोगों को पांच से सात हजार रुपये की छूट व निश्चित उपहार दिया गया। सभी सेक्टर के बाजारों में देर रात तक ग्राहकों की भीड़ नजर आई। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने बताया कि इस बार धनतेरस में पिछले वर्ष की अपेक्षा दोगुने का कारोबार हुआ। पिछले वर्ष धनतेरस पर पूरे बाजार में 15 करोड़ का कारोबार हुआ था। जो इस बार 30 करोड़ तक पहुंच गया।
खूब बिकीं लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां
महोबा। दिवाली पर्व को लेकर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों व पूजन सामग्री की जमकर बिक्री हुई। बाजार में 50 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां मंगाई गई हैं। जो ग्राहकों को पसंद आ रही हैं। दुकानदार दिव्यांश हरदया ने बताया कि मिट्टी से निर्मित लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां मंगाई गई हैं। जिन्हें लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इस बार मूर्तियां और पूजन सामग्री की खरीद को लेकर ग्राहकों में उत्साह दिख रहा है।
बाजार में डायवर्जन के चलते नहीं लगा जाम
महोबा। धनतेरस और दिवाली को लेकर तीन दिन के लिए मुख्य बाजार का रूट डायवर्ट किया गया। ऊदल चौक व छजमनपुरा से बाजार के लिए वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी रही। इक्का-दुक्का बाइकें ही निकलतीं नजर आईं। इससे जाम की स्थिति नहीं बन सकी। मुख्य बाजार में पुलिस बल तैनात रहा। सीओ अरुण कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहे। भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
फोटो 18 एमएएचपी 12 परिचय-राघव होंडा एजेंसी में बाइक व स्कूटी की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
फोटो 18 एमएएचपी 12 परिचय-राघव होंडा एजेंसी में बाइक व स्कूटी की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
फोटो 18 एमएएचपी 12 परिचय-राघव होंडा एजेंसी में बाइक व स्कूटी की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद