महोबा। विकासखंड कबरई के बिलरही वन क्षेत्र के अंदर अवैध मौरंग खनन की सूचना पर पहुंची टीम ने तीन ट्रैक्टर व एक जेसीबी को सीज की गई। मामले में तीन नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
बिलरही वन क्षेत्र में शनिवार की सुबह कुछ लोग जेसीबी लगाकर मौरंग का अवैध खनन कर रहे थे। सूचना पर उप क्षेत्रीय वन अधिकारी महीक्षित सिंह गौड़, चंद्रप्रकाश, वन दरोगा लक्ष्मी शंकर शुक्ला आदि ने टीम के साथ मौके पर पहुंच जांच की। टीम को देखकर खनन करा रहे लोग व चालक मौके से भाग गए। टीम ने मौरंग लदे तीन ट्रैक्टर-ट्राली व जेसीबी बरामद कर रेंज परिसर में खड़ा कराते हुए सीज कराया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी की तहरीर पर थाने में नीरज, चेतराम, वीरेंद्र व चार अज्ञात के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।