विन्ध्यवासिनी मंदिर का निरीक्षण करते डीएम व चेयरमैन प्रतिनिधि
- फोटो : MAHOBA
महोबा। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शहर के पर्यटन स्थलों को तलाशा जा रहा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सौरभ तिवारी के साथ रविवार को शहर के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया। डीएम ने रामकुंड से विंध्यवासिनी मंदिर तक एप्रोच मार्ग बनाने के निर्देश दिए। ताकि भक्त मंदिर तक सड़क मार्ग से सुगमता से पहुंच सके।
पर्यटन स्थलों को विकसित करने और योजनाओं को साकार रूप देने के लिए डीएम प्रतिदिन ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर उन्हें पर्यटन के रूप में विकसित करने की मुहिम चला रहे हैं। विश्व पर्यटन स्थल खजुराहो व ओरछा के साथ महोबा को टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने का खाका तैयार किया गया है। डीएम ने चेयरमैन प्रतिनिधि के साथ रामकुंड व पहाड़ी पर स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर का भ्रमण किया। निरीक्षण दौरान डीएम ने इस बात पर मंथन किया कि रामकुंड व विंध्यवासिनी स्थल को किस प्रकार विकसित किया जाए कि यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। निरीक्षण दौरान नगर पालिका के राजेश त्रिपाठी, बंधानवार्ड सभासद प्रतिनिधि परमेश्वरी दयाल आदि मौजूद रहे।