संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर (महोबा)। कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज की दो होनहार छात्राओं और एक छात्र ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। ये छात्र-छात्राएं एक से सात नवंबर तक लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जीआईसी की छात्रा नीलम कुशवाहा ने डिस्कस थ्रो, 11वीं कक्षा के छात्र महेश कुशवाहा ने जैवलिन थ्रो व छात्रा कुमारी अनमोल ने बाधा दौड़ में जिला और मंडल स्तर पर आयोजित हुई प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया था। इन छात्र-छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए कमेटी ने तीनों बच्चों का प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य रामदीन सोनी का कहना है कि बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए चयन हुआ है। अब यह प्रतिभागी प्रदेश स्तर पर महोबा जिले का नाम रोशन करेंगे। शिक्षकों ने इन छात्रों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।