कस्बे के मोहल्ला देवगनपुरा में मंदिर के पास स्थित एक प्राचीन जीर्णशीर्ण सूखे कुएं में जहरीली गैस से तीन ग्रामीण बेहोश हो गए। साथियों के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कस्बे के मोहल्ला देवगनपुरा निवासी राजू राजपूत अपने तीन दोस्तों के साथ शराब की बोतल लेकर आ रहा था। तभी प्राचीन कुएं के पास दूसरे साथी का धक्का लगने बोलत कुएं में गिर गई। बोतल गिरते ही राजू राजपूत कुएं से बोतल निकालने के लिए उतर गया लेकिन वह ऊपर नहीं आ सका। तभी उसके दो साथी रामेश्वर राजपूत (45) और नरेंद्र (25) भी कुएं में उतर गए। कुएं से निकल रही जहरीली गैस के कारण तीनों साथी बेहोश हो गए। ऊपर खड़े एक अन्य साथी ने यह नजारा देखकर शोर मचाया।
शोरगुल सुनकर ग्र्रामीण मुंह में कपड़ा बांधकर कुएं में उतर गए। रस्सी से चारपाई कुएं में डालकर तीनों ग्रामीणाें को बाहर निकालकर सीएचसी पनवाड़ी में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टराें ने जहरीली गैस के कारण बेहोश होना बताया। तीनों ग्रामीणों का उपचार किया जा रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।