अवैध शराब बनाने और उसकी बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग ने छापामारी अभियान शुरू किया है। सोमवार को आबकारी निरीक्षक के नेतृत्व में शहर के बिच्छू पहाड़िया स्थित कबूतरा डेरा में छापा मारा गया। जहां से भारी मात्रा में लहन, कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने इस अवैध कारोबार में लिप्त तीन महिलाआें के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
शहर के बिच्छू पहाड़िया में अवैध तरीके से शराब बनाने का कारोबार किया जा रहा है। सोमवार को आबकारी निरीक्षक रामकृष्ण चतुर्वेदी के नेतृत्व में आबकारी सिपाही मुश्ताक उल्ला, लतीफ, नरेंद्र उपाध्याय, संगीता, फरीद अहमद, जहीर मोहम्मद आदि ने कबूतरा डेरा में छापा मारा। जहां से 6 हजार लीटर लहन बरामद किया गया। पुलिस ने लहन को मौके पर नष्ट कराते हुए 12 लीटर कच्ची शराब बरामद की।
साथ ही मौके पर एक ड्रम शराब बनती मिली। पुलिस ने भट्ठी व ड्रम क्षतिग्रस्त करते हुए इस धंधे में लिप्त पार्वती, किशनबाई और रूबी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा।