ठाकुर देव सिंह स्मारक महाविद्यालय ग्योड़ी में आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में रोगियों की भीड़ उमड़ी। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट के चिकित्सकों ने तीन सौ मरीजों की आंखों का परीक्षण किया। मोतियाबिंद से प्रभावित 50 मरीजों को ऑपरेशन के लिए भर्ती कर जानकी कुंड चित्रकूट अस्पताल भेज दिया।
कस्बा खन्ना के ग्राम ग्योड़ी महाविद्यालय में एक दिवसीय नेत्र शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में आंखों का परीक्षण कराने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय जानकी कुंड के नेत्र विशेषज्ञ डा. आरजी पांडेय सहित आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम ने मरीजों के नेत्र परीक्षण किया। शिविर में 50 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित मिले।
जिन्हें ऑपरेशन के लिए भर्ती कर चित्रकूट भेजा गया। शिविर में पिछले माह आयोजित कैंप में आंख का ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की भी जांच कर चश्मा और दवाएं नि:शुल्क वितरित की गईं। आंख के रोग से ग्रसित एक सैकड़ा मरीजों को जांच के बाद परामर्श दिया गया। शिविर की व्यवस्था में महाविद्यालय प्रबंधक प्रमोद सिंह, डा. एसके सिंह, डा. रामभद्र सिंह और रविंद्र सिंह सहित कई लोग मरीजों की व्यवस्था में देर शाम तक जुटे रहे।