कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के झलकारीबाई नगर के एक मोबाइल दुकान संचालक को बेटे के अपहरण और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई है। व्हाट्सअप कॉल व मैसेज के जरिए धमकी मिलने से परेशान दुकानदार ने पुलिस से शिकायत की है। दुकानदार मयंक धुरिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिनों से उसे व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकी दी जा रही है कि वह कबरई छोड़ दे, नहीं तो उसके बेटे का अपहरण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही उसे परिवार समेत जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मयंक ने धमकी वाले मैसेज और कॉल संबंधी स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। (संवाद)
युवक ने फंदा लगाकर दी जान
कबरई (महोबा)। कोतवाली चरखारी के रिवई गांव में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। रिवई निवासी काशीप्रसाद कुशवाहा का बेटा रामअवतार (22) बृहस्पतिवार को घर पर था। जब परिजन अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए। तभी उसने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जांच की। मृतक के भाई अरविंद ने बताया कि रामअवतार की शादी ढाई माह पहले हुुई थी। वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। (संवाद)