तहसील में प्रदर्शन करते पीड़ित
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाना श्रीनगर के तिंदौली गांव में एक युवक ने नौकरी व बैंक लोन दिलाने के नाम पर हजारों रुपये ठग लिए। लोन व नौकरी न मिलने पर जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे तो अब धमकी दी जा रही है। मंगलवार को पीड़ितों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीआईजी को शिकातयी पत्र देकर ठगी का शिकार बनाने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
तिंदौली गांव में एक वर्ष पहले डिगरिया गांव के एक युवक ने अधिकारियों व बैंक के काम कराने का लोगों को लालच दिया। इसकी एवज में युवक ने सुनील कुमार से बैंक लोन कराने के लिए 51 हजार, जयसिंह राजपूत से 20 हजार, पुष्पेंद्र से 15 हजार, ममता से पुत्री को शादी अनुदान दिलाने के नाम पर 10 हजार व पुष्पेंद्र, बाबूलाल, गंगाप्रसाद, रामेश्वर, गुलाब सिंह आदि से सफाईकर्मी में नौकरी दिलाने के लिए 15-15 हजार रुपये ले लिए और काम होने का आश्वासन देकर टहलाता रहा।
एक वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी जब बैंक लोन पास न होने व नौकरी न मिलने पर लोगों ने पैसा वापस करने की बात कही तो उन्हें धमकी दी जा रही है। लालच में आकर ठगी का शिकार हुए पीड़ितों ने मंगलवार को डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।