खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने से कस्बे के लोग भड़क गए। नागरिकों ने एकजुट होकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर एबीएसए के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नही हुई तो वह धरना प्रदर्शन कर विरोध जताएंगे। आरोप है कि कस्बे के शुक्ला गेस्ट हाउस में सोमवार को प्रधानाध्यापकों
और विद्यालय प्रबंध समिति की आयोजित बैठक में एसडीएम और बीएसए के जाने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत ने अपने संबोधन में कहा था कि राष्ट्रीय पर्व पर स्कूलों में फटा और उल्टा ध्वज भी फहर जाए तो टीचर परेशान न हो। एबीएसए द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति की गई इस अपमानजनक टिप्पणी सुनकर कस्बे के लोग भड़क गए। मंगलवार को मनोज तिवारी,
सुखदेव, जितेंद्र कुमार, कल्लू, नाथूराम, अरविंद, भागीरथ, महेंद्र सिंह सहित तमाम नागरिकों ने लाउडस्पीकर से एबीएसए की इस टिप्पणी को सुनने के बाद खुलकर विरोध किया और
एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि एबीएसए की टिप्पणी निंदनीय है। उन्हें अपनी जबान पर लगाम लगाना चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त
नही किया जाएगा। नागरिकों ने अपमानजनक टिप्पणी करने पर एबीएसए के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम प्रबुद्व सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर
दोषी पाए जाने पर कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत का कहना है कि टीचरों से यह कहा गया था कि यदि गलती से झंडा उल्टा या फटा लग जाए तो हमसे बताए हम गलती स्वीकार करेंगे।