पनवाड़ी पुलिस ने शनिवार को कई स्थानों पर दबिश देकर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने सात बाइक सहित तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया वहीं चार बदमाश चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने गिरफ्तार चोरों को जेल भेज दिया।
शनिवार की रात को आधा दर्जन से ज्यादा बाइक चोर चोरी की मोटर साइकिलें बेचने की फिराक में जा रहे थे। तभी मुखबिर ने बाइक चोर गिरोह के बैंदाें मोड़ पर होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थनाध्यक्ष पनवाड़ी एके सिंह, सब इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद प्रजापति, कांस्टेबल मुजीब अहमद सहित आधा दर्जन पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर तीन बाइक चोरों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से सात मोटर साइकिलें भी बरामद की हैं। पकडे़ गए बाइक चोरों में रामफल पुत्र हल्के मोहल्ला जुलहठी राठ, रामपाल निवासी उल्दन, गिरधारीलाल निवासी लौलारा थाना पनवाड़ी शामिल हैं। वहीं दबिस के दौरान भागने में कामयाब चार बदमाशों को पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।