महोबा के ऊदल चौक में पुरवार वॉच कंपनी केे नाम से संचालित मोबाइल शॉप में शनिवार की रात चोरों ने फिल्मी स्टाइल में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पेड़ में रस्सी बांधकर छत पर पहुंचे चोरों ने दुकान का रोशनदान तोड़ा और दुकान में रखे एक सैकड़ा से अधिक कीमती मोबाइल चोरी कर ले गए। जिनकी कीमत 20 लाख से अधिक बताई जा रही है।
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। चोरी की इस बड़ी वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। चरखारी बाईपास मार्ग निवासी दीपक पुरवार शहर के ऊदल चौक में पुरवार वॉच कंपनी के नाम से दुकान किए हैं। जिसमें वह विभिन्न कंपनियों के मोबाइल के साथ फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी समेत इलेक्ट्रानिक सामान के थोक व फुटकर बिक्री का काम करता है।
शनिवार की दुकानदार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात चोरों ने दुकान के पीछे लगे पेड़ में रस्सी बांधी। इसके बाद चोर रस्सी के सहारे दुकान की छत पर पहुंचे और रोशनदार में लगी खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में रखे 100 से अधिक कीमती मोबाइल चोरी कर लिए और भाग निकले। सुबह जब दुकानदार प्रतिदिन की तरह दुकान पहुंचा तो मोबाइल के डिब्बे बिखरे पड़े थे और मोबाइल गायब मिले।
इसकी सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंच बारीकी से निरीक्षण किया। देखते ही देखते व्यापारियों की भीड़ एकत्र हो गई। पीड़ित दुकानदार दीपक ने बताया कि चोर दुकान से 15 हजार की नगदी व करीब 20 लाख रुपये कीमत के मोबाइल चोरी कर ले गए हैं। कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पांडेय का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहा है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।