खरेला (महोबा)। थाने के बसौठ गांव में रविवार की रात चोरों ने पांच मकानों व दुकान में धावा बोलकर नगदी समेत लाखों रुपये की कीमत का माल चोरी कर लिया। एक रात में छह मकानों को निशाना बनाने की घटना से ग्रामीणों में भय व दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थलों का मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है।
बसौठ निवासी मइयादीन कुशवाहा रविवार की रात परिवार समेत खेतों पर काम करने गए थे। तभी चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर यहां से बक्से में रखी 30 हजार रुपये की नगदी समेत करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरों ने देवेंद्र यादव की किराना दुकान का ताला तोड़कर एक हजार रुपये की नगदी समेत 10 हजार रुपये का माल उड़ा दिया। इसी मोहल्ले के हरदौली बाल्मीक के मकान का चोरों ने ताला तोड़ा और माल ले गए। गृहस्वामी दिल्ली में परिवार समेत रहकर मजदूरी करता है जिससे चोर कितने का सामान ले गए यह स्पष्ट नहीं हो सका। इसी गांव में चोरों ने नारायण अहिरवार के मकान का ताला तोड़ा। घर में घुसे चोरों ने अलमारी व बख्शों में रखा तीन तोला सोना, चांदी के आभूषण व 10 हजार रुपये की नगदी समेत दो लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। चोरों ने दिल्ली में मजदूरी करने गए सोमनाथ अहिरवार व लखन कुशवाहा के मकान का ताला तोड़ा। सुबह उनके मकान में समान बिखरा मिला। तब पड़ोसियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से उन्हें सूचना दी। प्रभारी थानाध्यक्ष अमित द्विवेदी का कहना है कि मौके पर जाकर घटनास्थलों की जांच की गई है। तीन मकानों के गृहस्वामी मजदूरी करने गये थे। उनके आने पर ही चोरी का अंदाजा लग सकेगा। घटना के खुलासा को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।