कबरई (महोबा)। थाना कबरई के खरका गांव में एक मकान से चोरों ने नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। खरका गांव निवासी पुष्पा पांडे ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की रात वह अपने बेटे के साथ एक कमरे में सो रही थीं। देर रात अज्ञात चोर दीवार फांदकर घर में घुसे। चोरों ने गृहस्थी वाले कमरे का ताला तोड़कर बक्शे में रखे 20 हजार रुपये नकद व करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह नींद खुलने पर कमरे का ताला टूटा मिला, तब घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा। (संवाद)
425 लीटर कच्ची शराब बरामद, 7000 लीटर लहन नष्ट
महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ क्षेत्र में अवैध शराब बनाने और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड ने बताया कि आबकारी विभाग व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को कबूतरा डेरा मुढ़ारी में छापा मारा। जहां से 75 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा गोरा तालाब कबूतरा डेरा, बेलाताल-कुलपहाड़ क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर दबिश दी गई। मौके पर लगभग सात हजार लीटर अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा लहन नष्ट कराया गया। इसके साथ ही 350 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना कुलपहाड़ विनोद कुमार सिंह, प्रभारी चौकी बेलाताल सुजीत जायसवाल सहित थाना कुलपहाड़ पुलिस बल व आबकारी विभाग की टीम शामिल रही। (संवाद)