श्रीनगर (महोबा)। चार साल से चल रहे प्रेम-प्रसंग में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और फिर शादी से मना करने से परेशान युवती ने जहर खाकर जान दे दी। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना श्रीनगर के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसकी 18 वर्षीय बेटी का गांव के ही देशू के साथ चार साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। देशू ने बेटी के साथ सजातीय होने की बात कहकर शादी करने का झांसा दिया और शारीरिक संबंध भी बनाए। यह बात जब उसे पता चली तो उसने देशू के पिता कुट्टी से दोनों की शादी कराने के लिए कहा। इस पर परिवार शादी के लिए राजी हो गया। कहा कि छह महीने के बाद दोनों की शादी करा देंगे।
आरोप है कि छह माह बीतने के बाद कुट्टी ने बेटे से शादी कराने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि कुट्टी ने बेटी के चरित्र पर भी सवाल उठाए। कहा कि उसके कई युवकों से अवैध संबंध हैं। आरोप है कुट्टी ने बेटी के चरित्र पर व्यंग करते हुए कहा कि अगर वह सती-सावित्री है तो मर क्यों नहीं जाती है। इससे आहत बेटी ने 17 फरवरी को जहर खा लिया। मध्यप्रदेश के मिशन अस्पताल छतरपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने देशू, कुट्टी, भाई प्रकाश व भाभी रामदेवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना की जांच कराई जा रही है।