महोबा। समर्थ पोर्टल पर पिछली परीक्षाओं का डाटा अपलोड नहीं हो सका। इससे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के सामने स्नातकोत्तर और स्नातक की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शैक्षिक कैलेंडर के हिसाब से कराने पर संकट खड़ा हो गया है।
जिले के 23 निजी व चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। समर्थ पोर्टल पर सम सेमेस्टर (दूसरे, चौथे व छठवें) की परीक्षा पास कर चुके छात्र-छात्राओं का परिणाम अपलोड नहीं हुआ। जब तक इनका डाटा अपलोड नहीं होगा तब तक समर्थ पोर्टल पर तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा का फार्म भरना संभव नहीं होगा। ऐसे में शासन की ओर से निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार माह नवंबर में परीक्षाएं कराना संभव नहीं होगा। कुलसचिव ज्ञानेश कुमार शुक्ला का कहना है कि दिल्ली में बीयू की टीम समस्या का निदान कराने की दिशा में जुटी है। एक सप्ताह के अंदर डाटा अपलोड होने की उम्मीद है। उधर, परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर का कहना है कि समर्थ पोर्टल की समस्या का निदान होते ही परीक्षा फार्म भरवाना शुरू कर दिया जाएगा। जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक पोर्टल पर फार्म नहीं खुलेगा।