महोबा। झांसी मानिकपुर रेल लाइन पर पचपहरा के पास बने रेलवे गेट नंबर 426 पर ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने गेटमैन का पैसे से भरा पर्स मोबाइल और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। गेटमैन के खून से लतपथ पड़े होने की सूचना बुंदेलखंड एक्सप्रेस के चालक ने रेलवे अधिकारियों को दी। रेलवे अधिकारियों की सूचना पर पुलिस अधीक्षक वजीह अहमद ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया।
शहर के जिकरिया पीर मोहल्ला निवासी लक्ष्मी प्रसाद (30) पुत्र मोहनलाल पचपहरा रेलवे गेट पर गेटमैन है। शुक्रवार की शाम को वह घर से खाना खाकर रात्रि आठ बजे ड्यूटी पर गया था। क्रासिंग में ड्यूटी के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और पैसों से भरा पर्स, मोबाइल और बाइक लूटकर भाग निकल। शनिवार को सुबह चार बजे रेलवे गेट पचपहरा से बुंदेलखंड एक्सप्रेस के निकलते समय गाड़ी के चालक ने गेटमैन को खून से लथपथ देख रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा हत्या लूट के इरादे से की गई है। घटना का खुलासा करने के लिए क्राइमब्रांच को लगाया गया है। मृतक के परिजनों का कहना है कि लक्ष्मी प्रसाद की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।