राठ (हमीरपुर)। नगर के कोटबाजार स्थित सोना-चांदी गलाई सेंटर में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी कर ली। व्यापारी गणेश उत्सव मनाने महाराष्ट्र गए हैं जिससे चोरी गए सामान की जानकारी नहीं हो पाई।
स्वर्णकार समाज के बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष बृजेंद्र सोनी ने बताया कि महाराष्ट्र निवासी हनुमंत कदम लंबे समय से कस्बे में रहते हैं। कोटबाजार की घास मंडी में हनुमंत गलाई सेंटर के नाम से दुकान किए हैं। वह सराफा व्यापारियों का सोना-चांदी गलाने का काम करते हैं।
गणेश उत्सव पर घर गए थे। शनिवार रात उनकी दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। व्यापारी सोमवार शाम तक वापस नहीं आए थे जिससे चोरी गए सामान की जानकारी नहीं हो पाई।
चोरी की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें करीब चार लोग शटर का ताला तोड़ते हुए देखे जा रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। कोतवाल अनूप सिंह ने कहा कि मौके पर जांच पड़ताल की है। व्यापारी के आने पर चोरी गए सामान की जानकारी होगी। (संवाद)