बड़ी चंद्रिका मंदिर में भक्तों की जुटी भीड़ व मां दुर्गा के पंडाल में आरती के समय आराधना में लीन भक्त
- फोटो : amarujala
महोबा। मां के प्रति अटूट आस्था रखने वाले भक्त भोर से ही देवी मंदिरों के लिए निकल रहे है। शारदीय नवरात्र को लेकर माहौल भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्र के चौथे दिन देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। भक्तों ने मां के चौथे स्वरूप कूष्मांडा की आराधना की। वहीं पंडालों में विराजमान मां दुर्गा की सुबह शाम होने वाली आरती में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु पहुंच रहे है। सबसे ज्यादा भीड़ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर में पहुंच रही है। कन्या भोज व भंडारों के आयोजनों का सिलसिला भी तेज हो गया है।
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर, छोटी चंद्रिका, सिंहवाहिनी, कालीमाता, महेश्वरी माता सहित प्रमुख देवी मंदिरों में शनिवार को भक्तों ने मां के चौथे स्वरूप माता कूष्मांडा की पूजा अर्चना की। मान्यता है कि मां के इस स्वरूप का ध्यान हमारी सृजन शक्ति को धार्मिक कार्यों में लगाता है। बड़ी चंद्रिका मंदिर में मां की आराधना के लिए सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक भीड़ जुट रही है। जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए जा रहे है। पूजा पंडालों में विराजमान मां दुर्गा प्रतिमाओं की सुबह शाम होने वाली आरती में भक्त बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे है।
बड़ी चंद्रिका मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय मेले में महिलाएं जहां घरेलू उपयोग व पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी कर रही है वहीं बच्चे झूलों आदि का लुत्फ उठा रहेे है। कबरई प्रतिनिधि के अनुसार पांच पहाड़ी, महेश्वरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर पूजा अर्चना के लिए भक्तों का तांता लग रहा है। पूजा पंडालों में महिलाएं आरती के समय भारी संख्या में शामिल हो रही है। घर-घर में कन्या भोज के आयोजन कराए जा रहे है। मंदिरों में सुरक्षा को लेकर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
कन्या भोज कराने का भक्तों को दिलाया संकल्प
महोबा। बड़ी चंद्रिका मंदिर के पुजारी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने आरती के दौरान भक्तों को संकल्प दिलाया कि सभी श्रृद्धालु कम से कम पांच कन्याओं का पूजन कर भोज कराए। साथ ही गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग का संकल्प ले। बड़ी चंद्रिका मंदिर के विकास में हर कोई सहयोग कर रहा है। यहां नौ दिन तक प्रतिदिन भंडारे का आयोजन कराया जा रहा है।