फोटो 13 एमएएचपी 17 परिचय-कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : विजयी टीम के खिलाड़ियों को पुरुस्कृत करते अतिथि।
महोबा। अर्जुन सहायक परियोजना के तहत कबरई बांध के उच्चीकरण के दौरान डूब क्षेत्र में आने के बाद भी गंज गांव के अधिकांश ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिला। इससे ग्रामीण परेशान हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताया। बाद में डीएम को ज्ञापन सौंप मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
ग्रामीण साहिल, संतराम, अजीम, रामकृपाल, सुरेश कुमार, आजाद, अरविंद, सूरजभान, अरविंद, चंद्रिका प्रसाद, संजय द्विवेदी, मनोज कुमार, सत्तार, रामवीर सिंह, राजीव, प्रदीप, विकास, भरत कुमार आदि ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि अर्जुन सहायक परियोजना के तहत कबरई बांध का उच्चीकरण हो जाने से गंज, झिरसहेबा, गुगौरा, अलीपुरा गांव डूब क्षेत्र में आ गए हैं। सिंचाई विभाग की ओर से मुआवजा देने में गंज गांव के ग्रामीणों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। बारिश के समय गांवों में पानी भर जाता है। गंज गांव में जीव-जन्तु आदि ग्रामीणों के घरों में घुस जाते हैं और आए दिन किसी न किसी प्रकार की घटना होती रहती है। इससे ग्रामीण भयभीत रहते हैं। अर्जुन सहायक परियोजना के तहत मुआवजा से आज भी ग्रामीण वंचित हैं। ग्रामीणों ने मुआवजा का लाभ दिलाए जाने की मांग की है।