कबड्डी प्रतियोगिता में दमखम दिखातीं छात्राएं।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। सांसद खेल स्पर्धा के तहत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कबड्डी बालक वर्ग में सूपा और बालिका वर्ग में जखा विजेता रही। आयोजन समिति की ओर से विजेता प्रतिभागियों को शील्ड व मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी ने दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर किया। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मनीष ने बाजी मारी जबकि रविंद्र को दूसरा व सौरभ को तीसरा स्थान मिला। 400 मीटर दौड़ में अजेंद्र सिंह पहले, आरिफ अली दूसरे व जय सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में सतीश कुमार अव्वल रहे जबकि शुभम को दूसरा व ज्ञान सिंह को तीसरा स्थान मिला।
पूरे दिन हुईं खेलकूद प्रतियोगिताओं में स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका राजकुमार यादव, जितेंद्र राठौर, ज्ञान चौरसिया ने निभाई। समापन के मौके पर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नरेंद्र सिंह व क्रीड़ा अधिकारी रामचंद्र ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया।