श्रीनगर (महोबा)। फेसबुक पर दोस्ती और फिर दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शिक्षक शादी को राजी हो गया है। रविवार को आर्य समाज मंदिर महाराजपुर जनपद छतरपुर में शादी की रस्में पूरी की गईं।
कस्बा श्रीनगर की युवती की छह माह पहले फेसबुक के माध्यम से हमीरपुर निवासी शिक्षक से दोस्ती हो गई थी। बातचीत के बाद उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। छह माह के दौरान शिक्षक युवक ने युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाए। 17 जून को शिक्षक के युवती के घर पहुंचने और शादी से इनकार किए जाने पर युवती ने थाना श्रीनगर में हमीरपुर निवासी मनीष कुमार दीक्षित के खिलाफ धोखाधड़ी दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी शिक्षक थाना श्रीनगर पहुंच गया और युवती से शादी करने की बात कही। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाया। जिसमें दोनों पक्ष शादी करने को राजी हो गए। रविवार को शिक्षक व युवती ने आर्य समाज मंदिर महाराजपुर जनपद छतरपुर मध्यप्रदेश में वैवाहिक रस्में पूरी की। थानाध्यक्ष श्रीनगर संजय शर्मा ने बताया कि दोनों पक्ष शादी हो गए थे। मंदिर से शादी कराई गई। थाने में प्रमाणपत्र पेश करने के बाद मुकदमा स्पंज किया जाएगा।