महोबा/खरेला। ब्लॉक चरखारी के धवारी गांव में शुक्रवार को चित्रकूट धाम मंडल बांदा के कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्युत संविदाकर्मी लाइनमैन मुन्ना पर वसूली का आरोप लगाया। जिस पर कमिश्नर ने संविदाकर्मी की सेवा समाप्त करने के निर्देश अधिशासी अभियंता बिजली विभाग को दिए।
चौपाल में खरेला निवासी सियाराम ने लेखपाल शैलेंद्र कुमार पर वरासत दर्ज न करने का आरोप लगाया। जांच में पाया गया कि वर्ष 2020 में मृतक की वरासत अब तक नहीं हुई है। जिस पर कमिश्नर ने एसडीएम चरखारी अरुण दीक्षित को लेखपाल पर कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि ग्राम सभा के तालाब, चकरोड व सार्वजनिक भूमि से कब्जे अभियान चलाकर हटाए जाए। जो भी कब्जा न छोड़े, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कमिश्नर ने सभी परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट टीवी लगवाने और गोवंशों के उचित रखरखाव के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। कहा कि कोई भी गोवंश भूख व प्यास से नहीं मरना चाहिए। धवारी गांव में एक लाख से अधिक बिजली बिल बकाया वाले 28 लोगों को एक सप्ताह के अंदर बिल जमा करने, अन्यथा एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
चौपाल में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, पीडी चित्रसेन सिंह, डीपीआरओ संतोष कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
सीवीओ को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि
महोबा। कार्य में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन न करने पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश को डीएम ने प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। गोशालाएं होने के बाद भी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में गोवंशों के सड़कों पर घूमते मिलने, गोवंशों को संरक्षित न किए जाने, आदर्श ग्राम गौरहारी में सहभागिता योजना का कोई लाभार्थी न होने और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में रुचि न लेने पर डीएम मनोज कुमार ने विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है।