महोबा। जिले में यूरिया खाद को लेकर किसान परेशान हैं। वहीं, कुछ निजी दुकानदारों के महंगे दाम पर यूरिया बेचे जाने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। शिकायतों के आधार पर जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश सिंह ने खाद-बीज की निजी दुकानों का निरीक्षण किया। महंगे दाम पर यूरिया बेचने में एक बीज भंडार केंद्र का लाइसेंस निलंबित किया गया जबकि दो अन्य दुकानों में अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
जिला कृषि अधिकारी ने पनवाड़ी के जय मां काली बीज भंडार का निरीक्षण किया। महंगे दाम पर खाद बेचने और लेनदेन का लेखा-जोखा न दिखाने पर दुकान का लाइसेंस निलंबित किया गया। इसके बाद पनवाड़ी स्थित ब्रह्मानंद एग्री जंक्शन दुकान के निरीक्षण में कीटनाशक रसायन स्टॉक बोर्ड नहीं पाया गया। बिल बुक, कैश मेमो, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर भी संचालक प्रस्तुत नहीं कर सके जबकि बार-बार पत्रों और व्हाट्सएप ग्रुप से अभिलेख दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह एंग्रीजंक्शन लोधी बीज भंडार के निरीक्षण में कीटनाशक स्टॉक बोर्ड में किसी भी रसायन को नहीं भरा गया और न ही स्टॉक व बिक्री रजिस्टर प्रस्तुत किया गया। कृषि अधिकारी ने दोनों दुकान के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।