फोटो 14 एमएएचपी 06 परिचय-कानपुर-सागर हाईवे पर श्रीनगर के पास कोहरे के बीच लाइट जलाकर निकलते वाह
- फोटो : 1
महोबा। बुंदेलखंड में सर्दी के साथ ही कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। रविवार का दिन सीजन का पहला कोहरे वाला दिन रहा। पहली बार सुबह के समय अधिक कोहरा रहा। इस दौरान शहर व आसपास के क्षेत्र में दृश्यता 10 मीटर रही। इससे वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। मौसम के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट देखने को मिली। मौसम के जानकारों की माने तो पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से एकाएक ठंड बढ़ी है।
रविवार की सुबह करीब चार बजे जब लोग बाहर निकले, तो चारों ओर कोहरा छाया था। बाइक सवार हेडलाइट जलाकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कानपुर-सागर और झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर गुजर रहे भारी वाहन रेंगते नजर आए। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के महानगरों के लिए रवाना होने वाली महोबा डिपो की कई बसें आधा से एक घंटे देरी से लौटीं। इसके अलावा कुछ ट्रेनें भी लेट रहीं। स्टेशन पर यात्री ट्रेन के इंतजार में ठिठुरते रहे। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दोपहर के समय फिर से आसमान में धुंध छा गई। इससे ठंड का एहसास होता रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैज्ञानिक डॉ. एसपी सोनकर का कहना है कि दो दिन बाद कोहरे से राहत मिल सकती है लेकिन तापमान में गिरावट भी शुरू हो जाएगी। पछुआ हवाओं के असर की वजह से ठंड भी बढ़ी है। इस समय पश्चिमी विक्षोभ का भी असर देखने को मिल रहा है। कोहरे व ठंड में इजाफा होने की संभावना है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों को पहनकर ही बाहर निकले। ठंडे पेय पदार्थों का सेवन न करें।