महोबा। समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश अभियान की जन जागरूकता के साथ ही राज्य के विकास के लिए रोडमैप पर चर्चा की जाएगी। साथ ही छात्र, शिक्षक, व्यवसायी, उद्यमी, कृषक, स्वयंसेवी संगठन, श्रमिक संगठन से फीडबैक लिया जाएगा। अभियान के तहत गोष्ठी व कार्यकम आयोजित होंगे।
शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को सुबह 11 बजे से जनपद के प्राध्यापकों, शिक्षाविदों व छात्रों के साथ संवाद और परिचर्चा होगी। जिसमें डीआईओएस, बीएसए, आईटीआई प्रधानाचार्य, सेवायोजन अधिकारी व जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मौजूद रहेंगे। दोपहर तीन बजे से विकास भवन सभागार में प्रबुद्धजन, जनपद के व्यवसायी, उद्यमी, पुरस्कार प्राप्त लोगों आदि के साथ संवाद का आयोजन होगा। इस दौरान उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त राज्य कर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मौजूद रहेंगे। 17 सितंबर को सुबह 11 बजे से सेवायोजन सभागार में प्रबुद्ध जनों के साथ जनपद के अग्रणी कृषकों का संवाद होगा। दोपहर एक बजे से कबरई सभागार में स्वयंसेवी संगठन, महिला संगठन, श्रमिक संगठनों के साथ संवाद व परिचर्चा होगी। डीएम गजल भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।