बारिश में सीहो नाला उफनाने से कुआं-बारी मार्ग की बही सड़क। संवाद
- फोटो : बारिश में सीहो नाला उफनाने से कुआं-बारी मार्ग की बही सड़क। संवाद
महोबा/खरेला। जिले में लगातार हो रही बारिश ने लोगोंं की परेशानी बढ़ा दी है। चंद्रावल नदी से निकले सीहो नाला उफनाने से कुआं-बारी मार्ग की सड़क कट गई। इससे चार गांवोंं का संपर्क टूट गया। इसी तरह खरेला-गहरौली मार्ग की सड़क में जलभराव होने से 12 गांवोंं का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीण और स्कूली बच्चे दस किमी का अतिरिक्त चक्कर लगा रहे हैं।
ब्लॉक चरखारी के कुआं गांव से बारी तक पक्का संपर्क मार्ग बना है। दो दिन पहले हुई बारिश से सीहो नाला उफना गया। पानी के तेज बहाव में दस मीटर सड़क भी बह गई। इससे कुआं, बारी समेत चार गांवों का संपर्क कट गया। इससे ग्रामीण परेशान है। बरायं गांव में बारिश का पानी भरने और प्राथमिक विद्यालय में जलभराव व कीचड़ से पैदल निकलना मुश्किल है। इसी तरह खरेला-गहरौली मार्ग मेंं जलनिकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर पानी भरा है। इससे पुन्नियां, खरेला, गहरौली, मौदहा, हमीरपुर का आवागमन प्रभावित है। बाइक सवार जान जोखिम में डालकर जलभराव से निकल रहे हैं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। रामप्रताप, दिनेश, दीपक, प्रमोद आदि ने जलभराव की समस्या दूर कराते हुए सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।