जगह-जगह हो रही सड़काें की खुदाई का खामियाजा जिले के नागरिकों को भुगतना पड़ता है। शहर के बजरंग चौक में सड़क खुदाई के बाद ट्रक धंस जाने से पाइप लाइन फट गई। जिससे हजाराें लीटर पानी बहकर आस पास के मकानों में घुस गया। मोहल्ले वाले द्वारा विभाग को सूचना देने के बाद सप्लाई न बंद करने से तीन घंटे तक पानी बहकर बर्बाद होता रहा।
शहर के बजरंग चौक पर सड़क किनारे रिलायंस कंपनी द्वारा खुदाई कर केबिल बिछाने वाले स्थान पर रविवार को रात ट्रक धंस गया। जिससे पाइप लाइन फट गई। इससे बजरंग नगर, जेल कालोनी, सुभाष नगर, हमीरपुर चुंगी सहित कई मोहल्लाें में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। मुहल्ले वालों द्वारा जल निगम अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी तीन घंटे तक पानी बहता रहा। जिससे हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो गया। लगातार पानी बहने से आस-पास के घरों में पानी घुस जाने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक जल निगम के अधिकारियाें ने पाइप लाइन की मरम्मत का भी कार्य शुरू नहीं कराया। जल निगम के अभियंता का कहना है कि जल्द ही पाइप लाइन दुरुस्त करा दी जाएगी।