दुर्घटना के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर से कबरई की ओर आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप गाड़ी व बाइक को कुचल दिया। घटना के समय पिकअप व बाइक के समीप किसी के मौजूद न होने से बड़ा हादसा टल गया। उधर, लोगों ने चालक व क्लीनर को पकड़ कर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने ट्रक पकड़ लिया है। एक माह पहले भी खन्ना बस स्टैंड में इसी स्थान पर बेकाबू ट्रक
दुकानों में घुसने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। बुधवार की दोपहर डंपर कानपुर से कबरई की ओर आ रहा था। खन्ना बस स्टैंड के समीप डंपर चालक अपना संतुलन खो बैठा। इससे डंपर सड़क किनारे खड़ी पिकअप गाड़ी को टक्कर मारते हुए बाइक को कुचल कर निकल गया। दुर्घटना के समय सड़क से गुजर रहे लोग बाल बाल बच गए। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने
चालक व क्लीनर को पकड़ लिया और घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची खन्ना थाना पुलिस ने चालक जसवंत व क्लीनर सुरेश निवासी घाटमपुर को हिरासत में लेते हुए ट्रक को थाने में खड़ा कराया है। दुर्घटना में पिकअप व बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गौरतलब है कि एक माह पहले बेकाबू ट्रक खन्ना बस स्टैंड में बनी दुकानों व मकानों में घुस गया था। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बुधवार को घटी घटना से एक बार फिर आसपास रहने वाले दुकानदारों के रौंगटे खड़े हो गए।