महोबा/कुलपहाड़। सदर तहसील महोबा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उस समय अधिकारियों में खलबली मच गई, जब असहाय वृद्ध एक हाथ में रस्सी और दूसरे हाथ में शिकायती पत्र लेकर अफसरों के सामने पहुंच गया।
वृद्ध ने कहा कि वह समाधान दिवस में 10 बार शिकायत कर थक चुका है। यदि इस बार समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह इसी रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लेंगे। तब अफसरों ने तत्काल मौके पर राजस्व टीम को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम की अध्यक्षता में तहसील में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। थाना कबरई के बीला दक्षिण निवासी 75 वर्षीय मुन्नूलाल अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। कहा कि उसके तीन बेटे उसकी संपत्ति पर जबरन कब्जा जमाए हैं और घर में घुसने नहीं देते।
उसके भोजन व स्वास्थ्य का कोई प्रबंध नहीं है। वह कुछ वर्षों से कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता रहा। स्वास्थ्य खराब होने से वह खाना मांगकर पेट भरता है। वह काफी समय से न्याय मांग रहा है लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।
कहा कि उसका अंगूठा नहीं लगने से राशन भी नहीं मिल पा रहा है। उसकी समस्या का समाधान कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि उसकी फरियाद नहीं सुनी गई तो वह यहीं फंदा लगाकर अपनी जान दे देंगे। तब अधिकारियों ने लेखपाल को उनके साथ गांव भेजकर समाधान कराने के निर्देश दिए।
कुलपहाड़ संवाद के अनुसार तहसील में जिलास्तरीय समाधान दिवस आयोजन एडीएम रामप्रकाश की अध्यक्षता आयोजित हुआ। इस दौरान 62 शिकायती पत्र आए। इसमें महज पांच का मौके पर निस्तारण हो सका।
सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग व पुलिस विभाग से संबंधित रहीं। इस मौके पर एसपी अर्पणा गुप्ता, एसडीएम अनुराग प्रसाद, सीओ हर्षिता गंगवार आदि मौजूद रहे।