महोबा। जिले में सर्दी बढ़ने से मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में 30 फीसदी मरीज कमर, घुटने समेत अन्य जोड़ों में दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इन मरीजों की संख्या एक सप्ताह में डेढ़ से दो गुना हो गई है। चिकित्सक सर्दी से बचाव करने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के डाॅ. हेमंत यादव ने बताया कि सर्दी में पारा कम होने व रक्त संचार में कमी होने से मांसपेशियों में खिंचाव होता है। साथ ही हड्डी रगड़ने से जोड़ों में दर्द की समस्या हो जाती है। सर्दी में हड्डी रोगियों के लिए अधिक समस्या होती है। अस्थि रोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 100 से 120 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें लगभग 60 मरीज घुटने, कमर दर्द और कंधा दर्द की समस्या के आ रहे है। इनमें युवा व बुजुर्ग वर्ग के मरीजों में समस्या आ रही है। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. देवप्रकाश सिंह ने बताया कि सर्दी के कारण रक्त नलिकाएं सिकुड़ जाती हैं। इससे जोड़ों और मांसपेशियों में रक्त प्रवाह कम होता है।