बैंक खातों से पैसा गायब होने की घटनाएं आए दिन हो रही हैं। ऐसा ही मामला शहर के बैंक आफ बड़ौदा में हुआ। ग्राहक के खाते से 10 हजार की नगदी गायब हो गई। ग्राहक ने बैंक पहुंच कर हंगामा काटा और प्रबंधक व कैशियर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही, तब कहीं जाकर उसके खाते में रकम वापस डाली गई। शहर के मोहल्ला गांधी नगर बजरंग चौक
निवासी धनीराम स्वर्णकार का खाता बैंक आफ बड़ौदा में है। 12 अगस्त को धनीराम बैंक में पैसा जमा करने गया। पासबुक में इंट्री कराने पर खाते से 10 हजार रुपये गायब था। धनीराम ने बैंक कैशियर से पैसा गायब होने की जानकारी मांगी तो कैशियर भड़क गया और गाली गलौज करने लगा। उसने बैंक मैनेजर संतोष कुमार को मामले से अवगत कराया। आरोप लगाया
कि कैशियर ने खाते से 29 मार्च को फर्जी तरीके से पैसा निकाला है। इसके बाद धनीराम ने बैंक में हंगामा काटा, तब बैंक ने ब्याज सहित 10110 रुपये की धनराशि धनीराम के खाते में जमा कर दी गई। इस मामले में शाखा प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि बैंक आफ बड़ौदा में धनीराम नाम के दो खाताधारक होने के कारण भूलवश दूसरे धनीराम को 10 हजार रुपये
भुगतान कर दिया गया। शुक्रवार को शिकायतकर्ता धनीराम पैसा जमा करने आया और उसी दौरान पासबुक में इंट्री कराई तो उसके खाते से 10 हजार गायब मिले। शिकायतकर्ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुराने बाउचर निकलवाने पर पता चला तो धोखे से धनीराम को भुगतान हो गया है। उसने आकर 10 हजार रुपये लिए जाने की बात स्वीकारी। शिकायतकर्ता धनीराम के खाते में ब्याज सहित पैसा डाल दिया गया है।