महोबा। सूर्य मंदिर घूमने के लिए जाने वाले लोगों को मार्ग प्रकाश व्यवस्था बेहतर मिलेगी। अवस्थापना निधि से सूर्य मंदिर मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर पालिका प्रशासन की ओर से प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो जल्द ही बिजली के नए पोल स्थापित करने का काम शुरू होगा।
चंदेलकालीन सूर्य मंदिर शहर के निकट रहेलिया गांव में स्थित है। रहेलिया तालाब के किनारे स्थित सूर्य मंदिर को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। अब सूर्य मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर पहले से बेहतर प्रकाश व्यवस्था किए जाने को लेकर पालिका की ओर से कवायद शुरू की गई है। अवस्थापना निधि के तहत मार्ग प्रकाश व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पिछले दिनों आयोजित पालिका की बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है। इससे सूर्य मंदिर मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था का काम कराए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
अवस्थापना निधि के तहत 3.30 करोड़ की लागत से सूर्य मंदिर मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, राठ रोड से बजरिया चौकी तक प्रकाश व्यवस्था व शहर के विभिन्न वार्डों में 300 बिजली के पोल स्थापित करने का काम कराया जाएगा। उधर, पालिका ईओ अवधेश कुमार का कहना है कि कार्ययोजना तैयार की गई है। जल्द ही सूर्य मंदिर मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था के लिए बिजली के नए पोल स्थापित करने व लाइटिंग का काम कराया जाएगा। मार्ग प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को आवाजाही में आसानी होगी।