फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: संयुक्त टीम ने फिर पकड़े गिट्टी से भरे 16 ओवरलोड डंपर

Fri, 27 Feb 2026 12:12 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
कबरई (महोबा)। पत्थरमंडी में लंबे समय से चल रहे ओवरलोड गिट्टी परिवहन के खेल पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है। ओवरलोड रोकने के लिए बुधवार की रात खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गंज मंडी स्थित दो क्रशर प्लांटों से 16 ओवरलोड डंपर पकड़े गए। अब इन डंपरों के साथ क्रशर प्लांट संचालकों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। दो दिन पहले भी कबरई क्रशर मंडी से 18 ट्रक पकड़े गए थे।
विज्ञापन

खनिज अधिकारी आरबी सिंह ने बताया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार की रात गंज मंडी स्थित शक्तिमान क्रशर प्लांट से सात और एसएस क्रशर प्लांट से नौ ओवरलोड डंपर पकड़े गए। कुल 16 डंपरों को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया गया। आरबी सिंह ने बताया कि डंपरों के साथ ही संबंधित क्रशर प्लांट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इससे पहले ही डीएम गजल भारद्वाज के निर्देश पर दो दिन पहले खनिज अधिकारी, एआरटीओ, राजस्व विभाग और पुलिस ने कबरई की नई मंडी में जांच की थी। जहां बिना रायल्टी 16 ट्रक पकड़े गए थे जबकि दो डंपरोंं का चालान किया गया था। इनमें से आठ ट्रक ऐसे थे, जिनका ऑनलाइन चालान पहले हो चुका था, फिर भी वे बिना रॉयल्टी के सड़कों पर दौड़ रहे थे। इस तरह लगातार हो रही कार्रवाई से गिट्टी का अवैध परिवहन करने वाले माफियाओं में खलबली मची है।
-

निदेशालय से फटकार के बाद जागा प्रशासन
कबरई। पत्थरमंडी से अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन गिरोह बनाकर किया जाता है। अधिकांश ट्रकों, डंपरों में ओवरलोड गिट्टी का परिवहन होता है। ओवरलोडिंग करने वाले अधिकांश ट्रकों के लिए क्रशर प्लांट रॉयल्टी ही नहीं जारी करते हैं क्याेंकि पकड़े जाने पर ओवरलोड माल देने पर संबंधित क्रशर पर कार्रवाई का डर रहता है। इसलिए अधिकांश ओवरलोड ट्रक, डंपर फर्जी रॉयल्टी के माध्यम से निकाले जाते हैं। कुछ महीने पहले फर्जी रॉयल्टी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था। इसमें क्रशर मालिक, पट्टाधारक व माफिया मिलकर फर्जी तरीके से रॉयल्टी बनाते थे और गिट्टी का पूरे प्रदेश में धडल्ले से परिवहन करते हुए करोड़ों रुपये की राजस्व चोरी कर रहे थे। मामले का खुलासा होने के बाद जिला प्रशासन ने इस पर अंकुश लगाने का प्रयास किया, लेकिन फिर मामला ठंडे बस्ते में चला गया। 11 दिसंबर को खनिज निदेशालय लखनऊ के एक प्रवर्तन दल की ओर से चेकिंग के दौरान एक ट्रक लखनऊ में पकड़ा गया। बिना रॉयल्टी के ही इस ट्रक के जरिए गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। ट्रक के ड्राइवर ने गिट्टी लोडिंग का स्थान कबरई की ओम नम: शिवाय ग्रेनाइट बताया था। तब निदेशालय के अधिकारियों ने जिले के खनिज अमले को फटकार लगाई और फिर यह छापेमार कार्रवाई शुरू हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें